
उदित वाणी, जमशेदपुर : कला और संस्कृति के प्रति समर्पित सामाजिक संस्था बंगाल क्लब जमशेदपुर के तत्वावधान में शनिवार शाम को विश्व संगीत दिवस के अवसर पर एक शास्त्रीय संगीत संध्या का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के अध्यक्ष तापस मित्रा तथा उपाध्यक्ष देवाशीष नाहा, अंशुमान चौधरी, पार्थ सारथी सेन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
इसके बाद क्लब के सदस्यों ने विश्व विख्यात कवियों के चार समूह गीत पेश किए. इस कार्यक्रम में देश के प्रख्यात सितार वादक पंडित देवजीत चक्रबर्ती उपस्थित होकर सितार वादन पेश किया. उन्होंने सितार पर राग जयजयंती में आलाप, जोड़, झाला बजाकर विलंबित झपताल और द्रुत तीनताल में बंदिशे पेश की.
उनका स्वर विन्यास, रागदारी, लयकारी, तान, तिहाई, द्रुत झाला आदि मौजूद श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया तथा बारिश का अहसास कराया. तबले पर शहर के तबला वादक अमिताभ सेन ने संगत दिया. उन्होने उठान, पेशकार, टुकड़ा के साथ संगत कर लोगों का खूब मनोरंजन किया. देर शाम तक लोग दोनों के वादन का आनंद लेते रहे.
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती रूपा राय ने किया. कार्यक्रम में शरवरी गुप्ता, कल्पना मण्डल, अंजना चक्रवर्ती, सविता मंडल, अर्पिता सेन, रत्ना घोष, इंद्रजीत मुखर्जी, नारायण कुशारी ने भाग लिया. कार्यक्रम को सफल बनाने में सचिव सौम्य सेन, इंद्रनील घोषाल, सुभाष बोस, तारा शंकर भट्टाचार्य, सौगत चक्रवर्ती, पार्थ मुखर्जी, बी बी नंदी, बिनय सरकार, विश्वदीप मंडल, आशीष मजूमदार, रूपन भट्टाचार्य की भूमिका रही.

