
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर-2 स्थित श्रीश्री सार्वजनिक काली पूजा समिति के द्वारा एमआईजी मैदान, आदित्यपुर_02 में बनवाए गए भव्य और आकर्षक पूजा पंडाल का उद्घाटन 19 अक्टूबर को शाम 6 बजे होगा. पंडाल का उद्घाटन पूर्व मुख्यमंत्री सह पूर्व केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा करेंगे. कमिटी के अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि पूजा पंडाल के उद्घाटन समारोह में उद्यमी अरुण पाठक, समृद्धनाथ तिवारी, उद्यमी मनोज कुमार सिन्हा, डॉ कुणाल कुमार एवं प्रवीण सेवा संस्थान के अध्यक्ष अंकुर सिंह सहित पांच लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा. साथ हीं जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण भी किया जाएगा.

22 के सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देंगे निशा उपाध्याय व कृष्णमूर्ति
समिति के अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि कमिटी के द्वारा 22 अक्टूबर को शाम 7 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम (भजन संध्या) आहूत किया गया है, जिसमे निशा उपाध्याय एवं कृष्णमूर्ति के द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी. इस अवसर पर केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, पूर्व सांसद डॉ रविन्द्र राय, धनबाद के पूर्व सांसद पी एन सिंह, भाजपा नेत्री डॉ मीरा मुंडा, विधायक पूर्णिमा साहू और जे बी तुबिद अतिथि के रुप में उपस्थित रहेंगे. वहीं, 22 अक्टूबर की रात 8 बजे लकी ड्रा भी होगा. प्रेस वार्ता में कमिटी के चेयरमैन समरेन्द्र प्रताप सिंह, सुमित कुमार, संजीव तिवारी, प्रभात कुमार सिंह रिंकू, मनोज कुमार सिन्हा, मनु भगवान आदि उपस्थित थे.

