
उदित वाणी, जमशेदपुर : होली और डांस की बात हो और भोजपुरी गानों का ज़िक्र न हो, तो जश्न अधूरा सा लगता है. भोजपुरी इंडस्ट्री में हर साल होली को लेकर अलग ही उत्साह और रंगीन माहौल देखने को मिलता है. इस बार भी होली की तैयारियां पूरे शबाब पर हैं और इंडस्ट्री के नामचीन कलाकार एक के बाद एक धमाकेदार होली सॉन्ग रिलीज कर रहे हैं. अक्षरा सिंह और अभिनेता वरुण शर्मा का ‘होली पे चले गोली’, दिनेश लाल यादव और आम्रपाली की सुपरहिट जोड़ी का ‘अवध में होली’, पवन सिंह और महिमा सिंह का ‘सतरंगी सलवारवा’ और खेसारी लाल यादव द्वारा शिल्पी राज के साथ गाया गया ‘होली परल पर 4 के’ जैसे गाने दर्शकों के बीच खूब धूम मचा रहे हैं. 4 मार्च को देशभर में मनाई जाने वाली होली को लेकर जहां हर तरफ तैयारियां जोरों पर हैं, वहीं भोजपुरी सिनेमा भी अपने रंग और मस्ती से इस त्योहार को और खास बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है.
मनोज तिवारी का चला सुरों का जादू, रिलीज हुआ ‘होलरिया’
भोजपुरी एक्टर, सिंगर और सांसद मनोज तिवारी ने भी होली का एक और दमदार गाना ‘होलरिया’ मृदुल म्यूजिक यूट्यूब चैनल पर जारी कर दिया है. सॉन्ग में मनोज तिवारी के साथ एक्टर-फॉर्मर नेटबॉल और बास्केटबॉल प्लेयर प्राची तेहलान नजर आ रही हैं. गाने में दोनों देवर और भाभी का किरदार निभा रहे हैं. फैंस एल्बम को काफी पसंद कर रहे हैं और कुछ ही घंटे में हजारों व्यूज आ चुके हैं.
एल्बम में पीएम मोदी, राहुल गांधी, लालू यादव सहित पक्ष और विपक्ष के कई नेताओं के साथ पवन सिंह, रवि किशन, दिनेश लाल यादव (निरहुआ), तेज प्रताप, तेजस्वी यादव, अखिलेश यादव, रेखा गुप्ता आदि का भी जिक्र है, जो गाने को और भी लोकप्रिय बना रहा है.
मनोज तिवारी ने गाने को अपनी सुरीली और लाखों दिलों को छूने वाली आवाज दी है, जो वियानेट मीडिया स्टूडियो में रिकॉर्ड हुई है. गीत के निर्देशक रौनक राउत, संगीतकार सूरज विश्वकर्मा, डीओपी वजीर आर्ट, निर्माता गीता यादव, प्रोडक्शन सांविका फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सुरभि तिवारी और डिजीटल पार्टनर ग्लोबल म्यूजिक जंक्शन हैं.
अक्षरा सिंह का धमाका, वरुण शर्मा संग नया गाना ‘होली पे चले गोली’
भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह का नया गाना ‘होली पे चले गोली’ शनिवार को रिलीज हो गया. इस गाने में अक्षरा के साथ वरुण शर्मा भी नजर आ रहे हैं. गाने में दोनों कलाकारों का कमाल का परफॉर्मेंस है. अक्षरा अपने आकर्षक हाव-भाव और स्टाइल से दिल जीत रही हैं, जबकि वरुण शर्मा भी अपना अलग अंदाज बिखेर रहे हैं. गाने में रंग, जोश और मस्ती से भरा माहौल है, जो होली के उत्सव को और भी रंगीन बना रहे हैं. सॉन्ग ‘होली पे चले गोली’ को अभि दत्त, दीपाली साठे और विक्रम मोंट्रोज ने मिलकर गाया है और अजीम शिराजी ने लिखा है, जबकि विक्रम मोंट्रोस ने कंपोज किया है. गाने के रिलीज के बाद फैंस काफी एक्साइटेड हैं.
फैन्स के लिए परफेक्ट है खेसारी-रक्षा का ये होली सॉन्ग
खेसारी लाल यादव ने फैन्स के बीच अपना होली स्पेशल सॉन्ग ‘होली बाद आके’ बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है. इस गाने में खेसारी लाल यादव के साथ रक्षा गुप्ता नजर आ रही हैं. गाने के बोल अभिषेक भोजपुरिया ने लिखे हैं जबकि म्यूजिक मुलायम यादव ने दिया है. गाने को डायरेक्ट पवन पाल ने किया है. खेसारी के होली गाने हमेशा धमाल मचाते हैं. उनका स्टाइल, आवाज, और एनर्जी होली के रंगों में चार चांद लगा देती है.
चढ़ा निरहुआ-आम्रपाली का खुमार, रिलीज हुआ ‘अवध में होली’
अभिनेता दिनेश लाल यादव और अभिनेत्री आम्रपाली दुबे ने अपना नया गाना ‘अवध में होली’ रिलीज कर दिया है. यह गाना फैंस के बीच पहले से ही चर्चा में था और रिलीज के बाद काफी पसंद भी किया जा रहा है. गाने में निरहुआ ने खुद गायकी की है, जबकि इसके लिरिक्स छोटू यादव ने लिखे हैं और गाने का संगीत छोटे यादव बसाही ने तैयार किया है.
गाने में निरहुआ और आम्रपाली होली के रंग में रंगे नजर आ रहे हैं. दोनों की जोड़ी भोजपुरी सिनेमा में सबसे लोकप्रिय ऑन-स्क्रीन जोड़ियों में से एक है. दोनों ने पहले भी कई हिट फिल्में और गाने दिए हैं.
निरहुआ और आम्रपाली का यह नया गाना इसलिए भी खास है क्योंकि गाने में अवध की संस्कृति और होली की परंपरा को भोजपुरी अंदाज में पेश किया गया है. गाने की धुन और डांस स्टेप्स काफी कमाल के हैं. इसमें जहां आम्रपाली ने साधारण सूट पहनकर लोगों का ध्यान खींचा हैं, तो वहीं निरहुआ भी उनको मैच करते हुए कुर्ता-पायजामा में नजर आ रहे हैं.
यह गाना न सिर्फ होली की मस्ती दिखाता है, बल्कि निरहुआ और आम्रपाली की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को एक बार फिर से हाइलाइट करता है.
पवन सिंह का धमाका, रिलीज किया रोमांस और डांस का मिक्स कॉकटेल
पवन सिंह और महिमा सिंह का नया गाना ‘सतरंगी सलवारवा’ रिलीज हो गया है, जिसमें अभिनेता महिमा को घाघरा चोली में देखकर दीवाने हो गए हैं और उनके साथ प्यार के रंग की होली खेलने के लिए बेताब हैं. महिमा जानती हैं कि पवन सिंह सिर्फ होली खेलने के बहाने से नहीं बल्कि उन्हें अपने प्यार के जाल में फंसाने के लिए आ रहे हैं. इसलिए अभिनेत्री उन्हें ज्यादा भाव भी नहीं दे रही है. कुल मिलाकर गाना होली वाइब्स दे रहा है.
गाने के लिरिक्स और बीट बहुत शानदार हैं. गाने की बीट को सुनते ही डांस करने का मन करने लगेगा. अब पवन सिंह का गाना है तो सोशल मीडिया पर छाएगा ही. ‘सतरंगी सलवारवा’ को भी रिलीज के साथ अच्छा रिस्पांस मिल रहा है. फैंस गाने को ब्लॉकबस्टर हिट बता रहे हैं.

