
उदित वाणी, जमशेदपुर : आर. वी. एस. कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में नए बैच 2025-29 के लिए इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि आधुनिक पावर के सीईओ अरुण कुमार मिश्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस अवसर पर मंच पर आर.वी.एस. एजुकेशनल ट्रस्ट के चेयरमैन बिन्दा सिंह, सचिव भरत सिंह, कोषाध्यक्ष शत्रुघ्न सिंह, कार्यकारी सदस्य शक्ति सिंह, कॉलेज प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार तिवारी और ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट विभाग के प्रमुख डॉ. विक्रम शर्मा उपस्थित थे.

मुख्य अतिथि अरुण कुमार मिश्रा ने नए छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि नए भारत में तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ नई स्किल्स, भाषा और व्यवहारिक ज्ञान भी उतना ही महत्वपूर्ण है. उन्होंने छात्रों को पढ़ाई के साथ इन कौशलों के विकास की सलाह दी.
सचिव भरत सिंह ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि कॉलेज उनकी हर जरूरत का ध्यान रखेगा और उनसे आग्रह किया कि वे केवल मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने माता-पिता तथा कॉलेज का नाम रोशन करें. कोषाध्यक्ष शत्रुघ्न सिंह ने अनुशासन बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि अगर किसी भी तरह का अभद्र व्यवहार देखा गया तो सख्त कार्रवाई होगी.
कॉलेज प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार तिवारी ने सभी छात्रों और अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि हमारा लक्ष्य है कि यहाँ से निकलने वाले हर छात्र को अच्छी नौकरी और सुनहरा करियर मिले. साथ ही उन्होंने अभिभावकों से अनुरोध किया कि छात्र-छात्राओं को फिलहाल निजी वाहन से न भेजें, क्योंकि हाईवे की स्थिति ठीक नहीं है.
शुरुआत में छात्रों और अभिभावकों का स्वागत डॉ. सूर्य बहादुर ने किया. कार्यक्रम के अंत में डॉ. सुधीर झा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया.

