
उदित वाणी, जमशेदपुर : आजादनगर थाना क्षेत्र में एक युवती को लगातार परेशान करने, पीछा करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है. मामला दर्ज होते ही पुलिस सक्रिय हो गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है.
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी का नाम अजमल हुसैन है, जो कपाली थाना क्षेत्र के ताजनगर का निवासी है. दूसरे आरोपी को अजमल का करीबी दोस्त बताया गया है, जिसकी पहचान और लोकेशन का पता लगाया जा रहा है. युवती ने अपने आवेदन में बताया है कि पिछले करीब पांच महीनों से उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जा रहा था. आरोपी उसे रास्ते में रोकते, पीछा करते और जान से मार देने की धमकी देते थे. इस कारण वह भय और तनाव में जी रही थी.
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पहले अजमल से उसकी अच्छी दोस्ती थी. दोनों के बीच बातचीत होती थी और परिवार भी इस संबंध से अवगत था. बाद में जब परिजनों को अजमल के व्यवहार और उसकी असलियत की जानकारी मिली तो शादी की बातचीत तोड़ दी गई. इसी के बाद से अजमल का रवैया पूरी तरह बदल गया. उसने युवती को डराना, धमकाना और बदनाम करने की कोशिश शुरू कर दी. इस काम में उसका एक दोस्त भी उसका साथ देने लगा.
लगातार हो रहे उत्पीड़न से तंग आकर युवती और उसके परिजनों ने आखिरकार आजादनगर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है. थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता के बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की हरकतों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. पीड़िता की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी.

