
उदित वाणी जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के मिल एरिया में शुक्रवार को एक वेल्डिंग दुकान में काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। वेल्डिंग में इस्तेमाल हो रहे गैस सिलेंडर में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में दुकान में काम कर रहा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसकी हालत चिंताजनक बताई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब वेल्डिंग का कार्य चल रहा था और मजदूर सिलेंडर से मशीन जोड़ कर मेटल शीट पर काम कर रहा था। तभी अचानक तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि दुकान के ठीक सामने खड़ा एक ट्रक भी इसकी चपेट में आ गया। ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। वहीं आसपास के कई लोग भी बाल-बाल बच गए।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर जुटे और गंभीर रूप से घायल मजदूर को उठाकर एंबुलेंस से टीएमएच पहुंचाया गया। मौके पर पहुंची बर्मामाइंस थाना की पुलिस ने इलाके को घेर कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर यह अंदेशा जताया जा रहा है कि सिलेंडर में लीकेज या अधिक दाब के कारण विस्फोट हुआ होगा। पुलिस ने सिलेंडर और अन्य उपकरणों को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुकान संचालक और ठेकेदार से पूछताछ की जा रही है। यदि सुरक्षा में लापरवाही पाई गई, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, घायलों का इलाज प्राथमिकता है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

