
उदित वाणी, पोटका : कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर में ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए दो संदिग्ध बाइक चोरों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. यह घटना सोमवार की बताई जा रही है.
मिली जानकारी के अनुसार तेंतला निवासी अनिल सरदार की होंडा स्प्लेंडर बाइक शनिवार को हल्दीपोखर साप्ताहिक हाट से चोरी हो गई थी. इस संबंध में बाइक चोरी की लिखित सूचना कोवाली थाना में दी गई थी.
इधर सोमवार को चोरी गई बाइक का नंबर प्लेट हटाकर दो युवक हल्दीपोखर पहुंचे. इस दौरान बाइक मालिक और उसके दोस्तों ने बाइक को पहचान लिया. उन्होंने बाइक सवारों को रोककर वाहन के कागजात दिखाने को कहा, लेकिन वे कोई भी वैध कागजात नहीं दिखा सके.
इसके बाद घटना की सूचना हल्दीपोखर टीओपी को दी गई. ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बाइक सहित दोनों युवकों को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया.
पकड़े गए दोनों संदिग्धों से कोवाली थाना में पुलिस पूछताछ कर रही है. पूछताछ के दौरान एक आरोपी ने अपना नाम कौशिक गोप और गांव जुड़ी बताया है. बताया जा रहा है कि पकड़े गए दोनों युवक नशे की हालत में थे.
इस संबंध में कोवाली थाना प्रभारी धनंजय पासवान ने बताया कि बाइक चोरी के मामले की जांच की जा रही है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.

