
उदित वाणी, जमशेदपुर : रांची के खेलगांव थाना क्षेत्र से एक अत्यंत संवेदनशील और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. सैनिक कॉलोनी में किराए पर रहने वाली वीणा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई. परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या ब्लैकमेलिंग और मानसिक उत्पीड़न का परिणाम है.
परिवार के अनुसार, वीणा शर्मा एक निजी संस्था ओरिएण्टल कंपनी में कार्यरत थीं और साथ ही अपना ब्यूटी पार्लर चलाकर आत्मनिर्भर जीवन जी रही थीं. आरोप है कि विनोद शंकर मिश्रा नामक व्यक्ति, जो परिचित होने के कारण घर आता-जाता था, ने विश्वास का दुरुपयोग किया. परिजनों का दावा है कि आरोपी ने मेकअप के बहाने घर पर आकर कथित रूप से हिडन कैमरा लगाकर एक आपत्तिजनक वीडियो बना लिया.
आरोप है कि इसी वीडियो के आधार पर व्हाट्सएप चैट और फोन कॉल के जरिए लगातार ब्लैकमेलिंग की गई. सामाजिक बदनामी और मानसिक तनाव से परेशान वीणा शर्मा ने आत्महत्या से पूर्व एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसे कथित तौर पर आरोपी को भेजा गया. इसके बाद उन्होंने फांसी लगाकर जान दे दी.
परिजनों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है. परिवार का कहना है कि वीणा के मोबाइल फोन से ब्लैकमेलिंग से जुड़े व्हाट्सएप संदेश और अंतिम वीडियो जैसे डिजिटल साक्ष्य मिले हैं.
खेलगांव थाना में विनोद शंकर मिश्रा के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है तथा कथित रूप से शामिल अन्य व्यक्तियों की भी तलाश जारी है. अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच के आधार पर न्यायिक प्रक्रिया कितनी शीघ्र आगे बढ़ती है.

