
उदित वाणी, जमशेदपुर : चलती ट्रेन में चोरी की घटनाओं को लेकर रेल पुलिस सक्रिय हो गई है. टाटानगर रेल थाना में दर्ज एक मामले को जांच के लिए संबंधित जीआरपी थाने को स्थानांतरित कर दिया गया है. कदमा निवासी अंकुर चौहान के दो लैपटॉप चोरी होने के मामले को कार्रवाई के लिए डाल्टनगंज जीआरपी भेजा गया है.
मंगलवार को टाटानगर रेल पुलिस ने यात्री के बयान के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया था. पीड़ित अंकुर चौहान ने बताया कि वे कानपुर से टाटानगर जम्मूतवी एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे थे. इसी दौरान रास्ते में किसी समय उनके बैग से दो लैपटॉप चोरी हो गए. ट्रेन के टाटानगर पहुंचने के बाद उन्होंने रेल थाना में शिकायत दर्ज कराई.
रेल पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद मामला उस क्षेत्र के जीआरपी को भेज दिया है, जहां घटना होने की आशंका जताई जा रही है. वहीं, महिला यात्री के बैग चोरी के दो अन्य मामलों को भी क्रमशः जमुई और बख्तियारपुर जीआरपी को अग्रसारित किया गया है, ताकि संबंधित क्षेत्रों में आगे की जांच की जा सके.

