
उदित वाणी, पोटका : कोवाली थाना क्षेत्र के भालकी गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय युवक की जान चली गई. खेत में ट्रैक्टर से हल जोतने के दौरान झंटू मुखी नामक युवक की ट्रैक्टर के पहिए के नीचे दबकर मौत हो गई.
रिश्तेदार के साथ खेत में कर रहा था काम
झंटू मुखी अपने रिश्तेदार के साथ खेत में हल जोतने के काम में सहयोग कर रहा था. इसी दौरान वह अचानक ट्रैक्टर से फिसलकर नीचे गिर पड़ा. दुर्भाग्यवश ट्रैक्टर का पिछला चक्का उसके ऊपर चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
तुरंत ले जाया गया अस्पताल, नहीं बच सकी जान
घटना के बाद ग्रामीणों ने झंटू को गंभीर हालत में टाटा मुख्य अस्पताल, जमशेदपुर पहुंचाया. वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पुलिस ने की घटना की पुष्टि
कोवाली थाना प्रभारी धनंजय पासवान ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
