
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड पर उमाकांत सिंह के घर के किरायेदार अखिलेश्वर दुबे के आवास पर शनिवार तड़के सात बजे प्लंबर बनकर घुसे तीन चोरों को ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़ पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया. पकड़े गए आरोपी ऋषभ, पवन मिश्रा और एक अन्य युवक हैं. पुलिस ने चोरी का सामान बरामद कर लिया है तथा अन्य वस्तुओं की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार अखिलेश्वर दुबे शुक्रवार को ही सासाराम चले गए थे. सुबह प्लंबर का भेष धारण कर पहुंचे तीनों युवकों ने घर के तीन-चार कमरों के ताले तोड़ दिए और कीमती सामान लूटकर भागने की कोशिश की. शोर सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया. जमकर पिटाई के बाद तीनों को पुलिस को सौंप दिया गया.
घटना से इलाके में आक्रोश फैल गया है. दिनदहाड़े चोरी की इस वारदात ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस ने अब तक इस संबंध में कोई बयान नहीं दिया है.

