
उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत मनीफीट मंडल बस्ती में शुक्रवार सुबह एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया. भैंस बांधने को लेकर पड़ोसियों के बीच चल रहा पुराना तनाव मारपीट में बदल गया, जिसमें एक ही परिवार के दो सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में कृष्ण यादव और उनका बेटा अंकुश कुमार शामिल हैं.
घटना के संबंध में कृष्ण यादव की बेटी नेहा कुमारी ने बताया कि पड़ोस में रहने वाली सुमन गुप्ता के साथ भैंस बांधने को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका था. शुक्रवार सुबह फिर से इसी बात पर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसा में तब्दील हो गई. आरोप है कि सुमन गुप्ता ने पहले ईंट से हमला किया, फिर कुदाल से अंकुश पर वार कर उसे लहूलुहान कर दिया. बेटे को बचाने पहुंचे कृष्ण यादव पर भी विकास, सुमन और एक अन्य युवक ने हमला कर दिया.
घटना की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन तब तक परिजन दोनों घायलों को लेकर एमजीएम अस्पताल पहुंच चुके थे. फिलहाल दोनों का इलाज जारी है. पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराने की बात कही है. नेहा द्वारा बनाया गया वीडियो भी घटना की पुष्टि करता है.

