
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए एक मोबाइल चोर को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. यह सफलता ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत मिली, जिसका उद्देश्य ट्रेनों में यात्रियों के सामान की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.
घटना गुरुवार की है, जब ट्रेन संख्या 18006 जगदलपुर-हावड़ा एक्सप्रेस के कोच S-5 में सफर कर रहे एक यात्री का मोबाइल फोन चोरी हो गया. आरोपी ने चलती ट्रेन में ही वारदात को अंजाम दिया और टाटानगर स्टेशन पहुंचते ही भीड़ का फायदा उठाकर फरार होने की कोशिश कर रहा था.
इसी दौरान चक्रधरपुर मंडल के आरपीएफ उड़नदस्ता दल और टाटानगर आरपीएफ की टीम ने संदिग्ध गतिविधि देख उसे रोका. तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी किया गया मोबाइल बरामद हुआ. पूछताछ में उसकी पहचान मोहम्मद यूसुफ के रूप में हुई, जो ओडिशा के राउरकेला के बिसरा क्षेत्र का निवासी है.
जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी चोरी के कई मामलों में जेल जा चुका है और एक आदतन अपराधी है. आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए इस तरह के अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं. गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए रेल पुलिस को सौंप दिया गया है, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.

