
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक स्थित जनरल वेटिंग हॉल में रविवार देर रात एक करीब 60 वर्षीय वृद्ध यात्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलने पर ड्यूटी पर तैनात रेल कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना जीआरपी को दी. सूचना मिलते ही रेल पुलिस मौके पर पहुंची और वेटिंग हॉल से शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू की.
रेल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सोमवार को एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके. इधर रेल थाना में इस मामले को लेकर यूडी (अप्राकृतिक मौत) का मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस के अनुसार मृतक के पास से कोई पहचान पत्र, टिकट या ऐसा दस्तावेज नहीं मिला है, जिससे उसकी पहचान हो सके. शव के कपड़ों की तलाशी लेने के बावजूद कोई सुराग हाथ नहीं लगा है. फिलहाल रेल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ मृतक की पहचान कराने की कोशिश में जुटी हुई है.

