
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा थानांतर्गत कांचा गांव में घरेलू विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया. सोमवार की रात हुए टांगी हमले में घायल शेरू मार्डी (32) की मंगलवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा है.
पुलिस के अनुसार, मृतक के पिता के बयान पर छोटे बेटे मनीष मार्डी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. केस दर्ज होते ही बागबेड़ा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा गया है.
परिजनों और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, शेरू खेती-किसानी करता था, लेकिन वह नशे का आदी बताया जाता है. आरोप है कि नशे की हालत में वह अक्सर घर में झगड़ा करता था. सोमवार की रात भी वह शराब पीकर घर पहुंचा. पिता द्वारा विरोध करने पर कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई. पिता को बचाने के लिए मनीष बीच-बचाव करने आया, तो विवाद और बढ़ गया.
बताया जाता है कि झड़प के दौरान शेरू ने छोटे भाई के साथ भी हाथापाई की. इसी बीच गुस्से में आकर मनीष ने घर में रखी टांगी उठाकर बड़े भाई पर वार कर दिया. गंभीर रूप से घायल शेरू को तुरंत एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी. पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है.

