
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तड़ीपार घोषित कुख्यात अपराधी प्रिया सिंह उर्फ चटनी डॉन को गिरफ्तार किया है. आरोपी जिला निष्कासन आदेश के बावजूद चोरी-छिपे अपने पैतृक घर में रह रही थी.
सिटी एसपी कुमार शिवाशीश ने बताया कि 10 मार्च की रात करीब 10 बजे सूचना मिली थी कि सोनारी थाना क्षेत्र के ग्वाला बस्ती स्थित सुनील सिंह के घर में कुछ अपराधी किसी बड़ी आपराधिक घटना की योजना बना रहे हैं. सूचना के आधार पर सोनारी थाना में सनहा दर्ज की गई और वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई.
पुलिस टीम ने मध्यरात्रि में ग्वाला बस्ती इलाके में छापेमारी की. हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले संदिग्ध लोग फरार हो गए. लेकिन सुनील सिंह के घर की तलाशी के दौरान कुख्यात अपराधी प्रिया सिंह उर्फ चटनी डॉन को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया.
पूछताछ में आरोपी किसी प्रकार का वैध अनुमति पत्र नहीं दिखा सकी और स्वीकार किया कि जिला निष्कासन के बावजूद वह सोनारी थाना क्षेत्र में अपने घर में रह रही थी. सिटी एसपी ने बताया कि झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम 2002 के तहत जिला निष्कासन आदेश का उल्लंघन करना संज्ञेय और दंडनीय अपराध है.
प्रिया सिंह उर्फ चटनी डॉन ग्वाला बस्ती, सोनारी की रहने वाली है. उसके खिलाफ पहले से ही रंगदारी, मारपीट, लूट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. गिरफ़्तारी के बाद आरोपी ने पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में जमकर हंगामा किया और गाली-गलौज की, जिसे पुलिस ने कड़ी मेहनत के बाद वश में किया.

