
उदित वाणी, सरायकेला : गम्हरिया थाना क्षेत्र के टायो कॉलोनी स्थित जीएफ फ्लैट संख्या दो में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. यहां एक बेटे ने अपने पिता की निर्मम हत्या कर दी. मृतक रामा नाथ दास (55) टीजीएस के कर्मी थे और हाल ही में ईएसएस ले चुके थे.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी पुत्र मनसा दास ने दावली से पिता पर सिर, शरीर और गुप्तांग समेत कई जगहों पर ताबड़तोड़ वार किए. हत्या के बाद आरोपी शव के पास ही बैठा रहा. घटनास्थल का खौफनाक मंजर देखकर ग्रामीणों के रोंगटे खड़े हो गए.
सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस व एसडीपीओ समीर कुमार सवैया मौके पर पहुंचे. आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
बताया जाता है कि मृतक की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका था. पुत्री की शादी हो चुकी है, जबकि आरोपी पुत्र की पत्नी पारिवारिक विवाद के कारण अलग रहती है. पिता-पुत्र अकेले उक्त फ्लैट में रहते थे. पुलिस हत्या के कारणों की गहन जांच कर रही है. इलाके में दहशत का माहौल है.

