
उदित वाणी, जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र से एक 13 साल की नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक घटना 3 सितंबर की सुबह करीब 11 बजे की है. परिजनों ने पहले अपनी ओर से काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली. अंततः 5 सितंबर को मामला थाने तक पहुंचा.
इस संबंध में पुलिस ने भुइयांडीह ह्यूम पाइप निवासी 35 वर्षीय पिंटू अधिकारी को आरोपी बनाया है. वह पीड़िता का पड़ोसी है और दोनों परिवारों के बीच पहले से परिचय था. पुलिस का कहना है कि इसी पहचान का फायदा उठाकर आरोपी ने नाबालिग को अपने साथ भगा ले गया.
जांच में पता चला है कि जब मामला थाने में दर्ज कराया गया, उस समय आरोपी का मोबाइल फोन चालू था. पुलिस ने तत्काल उसकी लोकेशन ट्रैक करने की कोशिश भी की, लेकिन इसके बाद से आरोपी ने अपना फोन स्विच ऑफ कर दिया. इससे पुलिस की कठिनाई और बढ़ गई है. हालांकि, पुलिस का दावा है कि आरोपी ज्यादा दिनों तक छिप नहीं पाएगा और जल्द ही गिरफ्त में होगा.
सीतारामडेरा थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच टीम गठित कर दी गई है. टीम लगातार आरोपी की गतिविधियों पर नजर रख रही है. जैसे ही आरोपी पकड़ा जाएगा, नाबालिग को बरामद कर उसका मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा और अदालत में उसका बयान भी दर्ज कराया जाएगा.
परिजन बेटी की सकुशल वापसी को लेकर काफी चिंतित हैं और पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और पुलिस की जांच में सहयोग करें. पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द पकड़कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा.
