
उदित वाणी, सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल के नीमडीह थाना क्षेत्र स्थित मुरु गांव में एक ईंट भट्ठे पर निगरानी कर रहे 41 वर्षीय खितिस चंद्र महतो की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना से गांव में शोक और दहशत का माहौल है. मृतक मुरु गांव के ही निवासी थे.
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को भट्ठे में ईंटें पकाने के लिए आग लगाई गई थी. देर शाम भोजन करने के बाद खितिस भट्ठे की निगरानी के लिए निकले थे, लेकिन रात भर घर नहीं लौटे. बुधवार सुबह परिजनों व ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की, तो भट्ठे के समीप उनका शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला. सूचना पर नीमडीह थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी समेत पुलिस टीम पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया.
थाना प्रभारी ने बताया कि शव पर बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. प्राथमिक जांच में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ. पुलिस प्राकृतिक कारण, गैस प्रभाव, दुर्घटना या अन्य संभावनाओं की जांच कर रही है. रिपोर्ट आने पर ही सच्चाई सामने आएगी.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गहन छानबीन शुरू कर दी है. इलाके में भट्ठों पर सुरक्षा के प्रति सतर्कता बरतने की अपील की गई है.

