
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के पंचवटी नगर रोड नंबर-2 में रहने वाली सलोनी मुखी ने बुधवार को अपने मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
परिजनों के अनुसार, वर्ष 2022 में आपसी सहमति से सलोनी का विवाह उमंग मुखी से हुआ था, लेकिन शादी के बाद से वह गुमसुम और उदास रहने लगी थी. पिछले कई महीनों से वह अपनी बड़ी बहन के घर पर रह रही थी, पर बीती रात खाना-पीकर सोने गई और सुबह पंखे से लटकी मिली.
घटना की सूचना पर सोनारी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. इस बीच परिजनों ने पति उमंग मुखी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया.
पुलिस परिजनों को समझाने में जुटी है, जबकि ससुराल पक्ष के लोग फरार बताए जा रहे हैं. मामले की जांच जारी है.

