
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची थाना अंतर्गत कासीडीह रोड नंबर एक इलाके में आपसी विवाद के बाद छापड़ से हमला किए जाने की घटना सामने आई है. इस घटना में प्रेम पासवान नामक युवक घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हमला करने का आरोप इसी इलाके के रहने वाले राहुल और उसके कुछ साथियों पर लगाया गया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रेम पासवान का मोबाइल चार्जर राहुल द्वारा चोरी कर लिया गया था. जब प्रेम को इस बात की जानकारी हुई तो उसने राहुल से चार्जर लौटाने को कहा. इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई. आरोप है कि विवाद के दौरान प्रेम पासवान ने राहुल को गाली-गलौज किया, जिससे मामला और अधिक बिगड़ गया.
बताया जाता है कि कहासुनी के बाद राहुल वहां से चला गया, लेकिन कुछ देर बाद वह अपने दोस्तों के साथ वापस लौटा. आरोप है कि राहुल और उसके साथियों के हाथ में चपड़ था और उन्होंने प्रेम पासवान पर अचानक हमला कर दिया. इस हमले में प्रेम पासवान को सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह हमलावरों को खदेड़ा और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की छानबीन की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है.

