
उदित वाणी, जमशेदपुर : रेलवे सुरक्षा बल ने गुरुवार 12 फरवरी की रात्रि में ऑपरेशन नारकोस के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए दो गांजा तस्करों को धर दबोचा. रेलवे सुरक्षा बल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी. शंकर कुटी के आदेश पर उड़नदस्ता दल ने टाटानगर रेलवे स्टेशन पर तबरेज आलम और नेयाज अहमद को 16 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ पकड़ा. दोनों आरोपी पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया क्षेत्र अंतर्गत भीतहा थाना के निवासी बताए गए हैं. बरामद गांजा की अनुमानित कीमत लगभग 8 लाख रुपये आंकी गई है.
समलेश्वरी एक्सप्रेस से लाए थे खेप, बेतिया में डिलीवरी की योजना
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों तस्कर समलेश्वरी एक्सप्रेस से रूपरा रोड स्टेशन से गांजा लेकर टाटानगर पहुंचे थे. यहां से वे पटना के रास्ते बेतिया जाने की फिराक में थे, जहां खेप की डिलीवरी होनी थी. आरपीएफ ने विधि-सम्मत प्रक्रिया अपनाते हुए जब्ती और गिरफ्तारी की कार्रवाई पूरी की.
रांची स्टेशन पर 18 किलो गांजा बरामद, युवक-युवती हिरासत में, संदिग्ध हालत में बैठे मिले, बैग से निकले 18 पैकेट
इधर, रांची मंडल में भी आरपीएफ की सतर्कता रंग लाई. मंडल सुरक्षा आयुक्त पवन कुमार के निर्देश पर रांची रेलवे स्टेशन पर सघन जांच के दौरान ट्रेन संख्या 15027 एक्सप्रेस के आगमन के बाद प्लेटफार्म संख्या 1 पर एक युवक और युवती संदिग्ध एवं घबराई अवस्था में बैठे मिले. पूछताछ में युवक ने अपना नाम राजू कुमार (29) और युवती ने छोटी कुमारी (21) बताया, दोनों रोहतास (बिहार) के करगहर थाना क्षेत्र के निवासी हैं.
10 और 8 पैकेट बरामद, कीमत 9 लाख रुपये
व्यक्तिगत तलाशी और बैग की जांच में राजू कुमार के पास से 10 तथा छोटी कुमारी के पास से 8 पैकेट गांजा बरामद हुआ. कुल वजन 18 किलोग्राम निकला, जिसकी बाजार कीमत लगभग 9 लाख रुपये आंकी गई. दोनों ने स्वीकार किया कि गांजा और रेलवे टिकट उन्हें संबलपुर निवासी ‘बिस्नु’ से मिला था.
जीआरपी रांची को सुपुर्द, आगे की जांच जारी
आरोपियों ने बताया कि खेप को सासाराम स्टेशन पर बिट्टू चंद्रवंशी और छोटू सिंह को सौंपना था. बरामद गांजा को जब्त व सील कर दोनों आरोपितों को अग्रिम विधिक कार्रवाई हेतु जीआरपी रांची के हवाले कर दिया गया. आरपीएफ ने कहा कि ऑपरेशन नारकोस के तहत नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.

