
उदित वाणी, जमशेदपुर : कोवाली थाना क्षेत्र के भेलाईडीह गांव निवासी 38 वर्षीय राम दास के लापता होने का मामला सामने आया है. राम दास अपने पांच दोस्तों के साथ चेन्नई में एक चेचिस वाहन पहुंचाने गए थे. वापसी के दौरान भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन से उनके अचानक गायब होने की सूचना पर परिजनों में चिंता बढ़ गई.
परिजनों ने कोवाली पुलिस की मदद से भुवनेश्वर पहुंचकर करीब 15 दिनों तक स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला. मामले को गंभीरता से लेते हुए कोवाली थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान ने एसआई सिदो मुर्मू को दोस्तों और परिजनों के साथ भुवनेश्वर भेजा.
जांच के दौरान प्लेटफार्म पर लगे सीसीटीवी फुटेज में राम दास आखिरी बार नजर आए हैं. दोस्तों के अनुसार, स्टेशन पर उनकी मानसिक स्थिति बिगड़ गई थी और उनका व्यवहार असामान्य हो गया था. इसके बाद वह कहां चले गए, इसका पता नहीं चल सका. फिलहाल परिजन और पुलिस उनकी तलाश में जुटे हैं, जबकि पुलिस द्वारा जांच जारी है.

