
उदित वाणी, डुमरी : जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष राकेश महतो की हत्या कर दी गई. उनका अधजला शव निमियाघाट थाना इलाके के खाखी जंगल में मिला. हत्या से पहले मारपीट की आशंका है, जबकि शव को पेड़-पत्तियों से जलाने का प्रयास भी किया गया. घटना से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने डुमरी-फुसरो मार्ग जाम कर दिया. डुमरी एसडीपीओ सुमित कुमार समेत निमियाघाट व डुमरी पुलिस जांच में जुटी है.
राकेश महतो डुमरी क्षेत्र के प्रमुख राजनीतिक व्यक्ति थे. जिला परिषद चुनाव जीतने के बाद 2016 में वे अध्यक्ष बने थे. झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के लोकप्रिय नेता राकेश की हत्या से इलाके में मातम पसर गया है. जेएमएम जिलाध्यक्ष ने नाराजगी जताते हुए पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि राकेश जनता के बीच बेहद लोकप्रिय थे.
एसपी ने दिए सख्त निर्देश, जांच तेज
मामले की जानकारी मिलते ही एसपी डॉ. बिमल कुमार ने एसडीपीओ डुमरी को तत्काल जांच कर दोषियों को गिरफ्तार करने का आदेश दिया. एसडीपीओ सुमित कुमार ने बताया कि राकेश महतो की हत्या हुई है. अधजला शव खाखी जंगल से बरामद हुआ है. आगे की जांच जारी है. ग्रामीणों का आक्रोश पुलिस के समक्ष चुनौती बना हुआ है.

