
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के इमली चौक में शनिवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना घटी. 34 वर्षीय प्रियंका पॉल ने कथित रूप से अपने घर में दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की जानकारी मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर सक्रिय हुई और कानूनी प्रक्रिया शुरू की.
परिजनों के अनुसार प्रियंका पॉल कोटक महिंद्रा बैंक की साकची शाखा में कार्यरत थीं. पति ने बताया कि शनिवार दोपहर घर पर कोई नहीं था. इसी दौरान प्रियंका ने अपने बच्चे को दांत दर्द की दवा लाने के लिए बाहर भेजा. कुछ देर बाद जब उनकी बेटी घर लौटी तो मां को पंखे से लटका हुआ पाया. बेटी की चीख सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और प्रियंका को फंदे से उतारकर तत्काल अस्पताल ले जाया गया.
गंभीर अवस्था में प्रियंका को आदित्यपुर टोल ब्रिज के पास स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल के शीतगृह में भेज दिया. पोस्टमार्टम सोमवार को प्रस्तावित है.
पति के बयान के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों से प्रियंका का मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं था और उनका इलाज टाटा मेन हॉस्पिटल में चल रहा था. पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है. प्रियंका अपने पीछे दो बच्चों और परिवार को छोड़ गई हैं.

