
उदित वाणी, चतरा : जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कद्दावर नेता, समाजसेवी, क्रशर व्यवसायी और पूर्व मुखिया प्रेमचंद उर्फ प्रेम सिंह को कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान द्वारा जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया. हंटरगंज थाना क्षेत्र के पिंडरा निवासी प्रेम सिंह से अंतरराष्ट्रीय अज्ञात व्हाट्सएप नंबर के माध्यम से ऑडियो क्लिप और कॉल कर दो करोड़ रुपये रंगदारी की मांग की गई है. रंगदारी नहीं देने पर खोपड़ी खोलने और उनकी हत्या कराने की खुली धमकी दी गई है.
प्रेम सिंह के अनुसार, उनके व्हाट्सएप नंबर पर एक मिनट दो सेकंड का एक ऑडियो क्लिप भेजा गया, जिसमें धमकी देने वाले व्यक्ति ने खुद को गैंगस्टर प्रिंस खान बताते हुए दुबई से बात करने की बात कही है. ऑडियो में यह भी कहा गया है कि पुलिस, एसपी, डीआईजी, आईजी और डीजीपी भी उन्हें नहीं बचा पाएंगे. इसके साथ ही एक यूट्यूब लिंक भेजकर उनके बारे में जानकारी गूगल पर सर्च करने की बात भी कही गई. प्रेम सिंह ने बताया कि धमकी देने वाले ने यह तक कहा कि एफआईआर मत करना, पैसा नहीं दिया तो हत्या कर उसकी जिम्मेदारी खुद लेंगे. साथ ही बेटे की शादी के कारण पहले कुछ नहीं कहने और अब समय आ जाने की बात भी कही गई.
बताया गया कि ऑडियो क्लिप भेजने के बाद उसी दिन व्हाट्सएप कॉल के जरिए भी दो करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग दोहराई गई. घटना के बाद से प्रेम सिंह और उनका पूरा परिवार दहशत में है. उन्होंने हंटरगंज थाना में लिखित आवेदन देकर गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. एफआईआर दर्ज हुए एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
इस मामले को लेकर प्रेम सिंह ने चतरा एसडीपीओ, एसपी, आईजी, डीजीपी और एटीएस के वरीय अधिकारियों को भी पत्र भेजकर सुरक्षा उपलब्ध कराने और त्वरित कार्रवाई की मांग की है. इधर, जिले के व्यापारियों में भी असुरक्षा की भावना गहराने लगी है. उनका कहना है कि यदि ऐसे मामलों में समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो जिले में सुरक्षित तरीके से व्यवसाय करना मुश्किल हो जाएगा.
वहीं, हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. टेक्निकल सेल की मदद से धमकी देने वाले तक पहुंचने का प्रयास जारी है. वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई है और जल्द ही पूरे मामले में ठोस परिणाम सामने आने का दावा किया गया है.

