
उदित वाणी, जमशेदपुर : पटमदा मुख्य सड़क पर रविवार शाम करीब आठ बजे धूसरा स्थित जाहिर स्थान के पास एक कार और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक का अगला पहिया अलग होकर दूर जा गिरा, जबकि कार और बाइक दोनों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद कार सवार लोग सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन बाइक चालक मौके से गायब हो गया.
सूचना मिलते ही पटमदा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार व बाइक को जब्त कर जांच शुरू की. घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी करमपाल भगत ने स्थानीय झामुमो नेता हरिहर सिंह, बामनी निवासी धर्म किस्कू तथा अन्य ग्रामीणों के साथ देर रात तक आसपास के जंगल और सड़क किनारे बाइक चालक की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका. इससे पुलिस के साथ-साथ स्थानीय लोग भी काफी परेशान रहे.
सोमवार सुबह करीब आठ बजे एक युवक घायल अवस्था में मुख्य सड़क पर दिखाई दिया. उसकी पहचान रोहन सिंह (19) के रूप में हुई, जो बारूडीह निवासी चंदन सिंह की बाइक पर सवार होकर ठनठनी घाटी स्थित मां काली होटल पहुंचा. वहां मौजूद लोगों को उसने पूरी घटना बताई और कहा कि वह किस्मत से बच गया.
रोहन के अनुसार, वह अपने तिलाईटांड़ (सारी) स्थित घर से एक व्यक्ति की बाइक लेकर भुईयांसिनान टुसू मेला गया था. लौटते समय एक तेज रफ्तार बाइक ने ओवरटेक के दौरान उसे टक्कर मार दी, जिससे वह असंतुलित हो गया और जमशेदपुर की ओर जा रही कार से टकरा गया. हादसे के बाद वह घबराकर जंगल की ओर भाग गया और चिटाबुरु जंगल में छिप गया. पुलिस द्वारा टॉर्च जलाकर तलाशी अभियान चलाए जाने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका.
इसी बीच सबर टोला की ओर जाने का प्रयास करते समय शरीर में गंभीर चोट होने के कारण वह बेहोश हो गया. भीषण ठंड में करीब आठ घंटे तक वहीं पड़ा रहने के बाद सुबह होश आया तो किसी तरह मुख्य सड़क पर पहुंचा.
धर्म किस्कू ने बताया कि रोहन पहले मां काली होटल में काम कर चुका है और करीब डेढ़ माह पूर्व मजदूरी के लिए कर्नाटक गया था. टुसू पर्व में घर लौटा था और इसी दौरान हादसे का शिकार हो गया. सुबह नौ बजे के बाद उसे अस्पताल ले जाकर इलाज कराया गया.
