
उदित वाणी, जमशेदपुर : पटमदा थाना क्षेत्र के गोबरघुसी में पुलिस की छापेमारी को लेकर जिला बदर अपराधी उमेश उर्फ गुड्डू पांडेय के पिता बिजेंद्र कुमार पांडेय ने गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस बिना कारण गेस्ट हाउस में घुस गई, तोड़फोड़ की और तीन निर्दोष युवकों—रोशन, डब्लू मिश्रा और एक अन्य—को गिरफ्तार कर लिया. पांडेय ने दावा किया कि उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी को क्षति पहुंचाई गई, दो पहिए निकाल लिए गए और बाकी की हवा तक निकाल दी गई.
बिजेंद्र पांडेय ने कहा कि वे पिछले 25 वर्षों से कांग्रेस से जुड़े हैं, फिर भी उनके साथ इस तरह की कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस एकतरफा कार्रवाई कर रही है और निर्दोषों को फंसाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष से न्याय की गुहार लगाई.
यह कार्रवाई 5 अक्टूबर को ओलीडीह ओपी क्षेत्र के संजय पथ में हुई फायरिंग कांड की जांच के सिलसिले में की गई थी. उस घटना में गुड्डू पांडेय के घर पर गोलियां चली थीं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी. तफ्तीश के दौरान मुख्य आरोपी दीपक चौधरी उर्फ टेका चौधरी को गिरफ्तार किया गया था. पूछताछ में उसने अपनी संलिप्तता स्वीकार की थी और बरामद हथियार को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया था.
इसी जांच की कड़ी में पुलिस ने गोबरघुसी स्थित गेस्ट हाउस पर छापेमारी की. इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में किसी भी आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी गिरफ्तारी की संभावना बनी हुई है.

