
उदित वाणी, पटमदा : कमलपुर थाना अंतर्गत कांकीडीह में में ऐसार पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों के बीच हुई आमने सामने की टक्कर में 3 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से तीनों घायलों को महुलतल चौक स्थित प्राइवेट हॉस्पिटल पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज हेतु रेफर कर दिया गया.
घायलों में एक बाइक पर सवार पटमदा थाना क्षेत्र के महुलबना केंदडीह निवासी 35 वर्षीय विष्णु महतो ( पिता -सागर महतो) एवं चौंरा गांव निवासी 26 वर्षीय पंचानन सिंह (पिता – नीलकंठ सिंह) तथा दूसरी बाइक पर सवार पश्चिम बंगाल के बांदोवन थाना क्षेत्र के सुपुडीह गांव निवासी 26 वर्षीय गोपाल दास महंत (पिता – दुलाल महंत) शामिल हैं.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गोपाल अपनी बाइक पर काटिन से अपने घर लौट रहे थे जबकि दूसरी बाइक पर सवार विष्णु महतो व पंचानन सिंह काटिन की ओर जा रहे थे. पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही ओवरटेक के चक्कर में तेज रफ्तार दोनों बाइकों के बीच टक्कर हो गई और तीनों बीच सड़क पर ही गिर गए. गंभीर रूप से घायल विष्णु महतो को एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया है जबकि गोपाल दास महंत को बांकुड़ा ले जाया गया है.

