
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना अंतर्गत सोपोडेरा कुर्मी टोला में सोमवार को 14 वर्षीय छात्र अंकित लोहार ने फांसी लगाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली. अंकित श्यामा प्रसाद स्कूल में कक्षा 9वीं का छात्र था. घटना के समय घर में केवल उसकी 7 वर्षीय छोटी बहन मौजूद थी, जबकि मां मोना लोहार सुबह काम पर गई हुई थी.
छोटी बहन ने जब कमरे में अपने भाई को फंदे से लटका देखा तो वह घबरा गई और शोर मचाया. साथ ही उसने फोन कर मां और आसपास के लोगों को सूचना दी. पास में रहने वाले रिश्तेदार और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और अंकित को सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. कुछ देर बाद मां भी अस्पताल पहुंची, लेकिन बेटे की मौत की खबर सुनते ही वह बदहवास हो गई.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. एसआई ज्ञान भूषण तिग्गा ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है. घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है.
अंकित के पिता का पूर्व में ही निधन हो चुका है. परिवार में केवल मां, अंकित और उसकी छोटी बहन रह रहे थे. घटना से परिवार और पड़ोसियों में गहरा शोक है. बच्चे ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है.

