
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के खासमहाल इलाके में बीती रात चोरों ने कांग्रेस के पश्चिमी कालीमाटी पंचायत अध्यक्ष ताहिर मलिक के कपड़ा दुकान एसके फैशन गारमेंट्स में चोरी की वारदात को अंजाम दिया. घटना रात के करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है. चोरों ने दुकान के शटर में लगे ताले को तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गल्ले में रखी नकदी चुरा ली.
चोरी के दौरान पहचान छिपाने की नीयत से अपराधियों ने बगल की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का रुख ऊपर की ओर मोड़ दिया. हालांकि कैमरे में यह पूरी हरकत कैद हो गई, जिसमें कैमरे के हिलने का दृश्य साफ तौर पर देखा जा सकता है. इससे यह स्पष्ट होता है कि चोर वारदात से पहले निगरानी व्यवस्था को निष्क्रिय करने की कोशिश कर रहे थे.
सुबह जब ताहिर मलिक रोज की तरह दुकान खोलने पहुंचे तो उन्हें शटर का ताला टूटा हुआ मिला. उन्होंने तत्काल परसुडीह थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुकान का निरीक्षण किया. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके.
दुकानदार के अनुसार, अगर चोर दुकान के भीतर और अंदर तक घुसते तो मुख्य ताला तोड़कर पूरा कपड़ा स्टॉक भी ले जा सकते थे, लेकिन सीसीटीवी कैमरों की मौजूदगी के कारण बड़ा नुकसान होने से बच गया. प्रारंभिक आकलन में चोरी गई नकदी की राशि लगभग 30 से 40 हजार रुपये बताई जा रही है.
इस संबंध में ताहिर मलिक ने परसुडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा.

