
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित मेन बाजार में सेंट्रल बैंक के पास 21 फरवरी को हुई मारपीट और चापड़ से हमले की घटना में पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है. इसके अलावा कई अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है. यह मामला घायल मोतीलाल यादव की शिकायत पर दर्ज किया गया है. घटना के बाद मोतीलाल अपने परिवार के साथ सिटी एसपी से मिलकर न्याय की गुहार भी लगा चुके हैं.
प्राथमिकी में इशु पोद्दार, करण लोहार, जोगाई पोद्दार, सोनू पोद्दार, मिथुन पोद्दार, देवराम गोप, कुणाल दास, अविनाश गोप, विनोद यादव, गणेश पोद्दार और कृष वर्मा को नामजद आरोपी बनाया गया है.
मोतीलाल यादव ने पुलिस को बताया कि 21 फरवरी की शाम करीब 7 बजे आरोपियों ने सेंट्रल बैंक के पास उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से मारपीट की. इस दौरान चापड़ से भी हमला किया गया, जिससे वे घायल हो गए. परसुडीह पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है.

