
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ी गोरा रेल फाटक के पास रविवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें 16 वर्षीय स्कूटी सवार किशोरी अंजली कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई. उसके साथ मौजूद 10 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बड़ी गोरा रेल फाटक बंद होने के कारण रहार गोरा से साकची की ओर जा रही *भोले शंकर* बस फाटक के निकट खड़ी थी. इस दौरान बस चालक और खलासी चाय पीने के लिए वाहन छोड़कर चले गए. बताया जा रहा है कि बस में न तो हैंड ब्रेक लगाया गया था, न ही बैक गियर डाला गया था. इसी कारण बस अचानक पीछे की ओर लुढ़क गई और पीछे खड़ी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया.

हादसे में स्कूटी सवार अंजली कुमारी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे और बड़ी गोरा रेल फाटक को जाम कर प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है.
मृतका के पिता ने बताया कि अंजली तीन बहनों में सबसे बड़ी थी और परिवार की रीढ़ मानी जाती थी. उन्होंने प्रशासन से उचित मुआवजा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
वहीं, झामुमो ओडिशा प्रदेश महासचिव दुबराज नाग ने कहा कि रहार गोरा–साकची रोड पर चलने वाली कई बसें अनफिट और खराब स्थिति में हैं, लेकिन फिर भी उन्हें बिना जांच के सड़कों पर संचालित किया जा रहा है. प्रशासन की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है. उन्होंने सभी बसों की तकनीकी जांच और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की.
स्थानीय लोगों ने बताया कि बड़ी गोरा फाटक पर अंडरग्राउंड ब्रिज नहीं होने के कारण आए दिन जाम और हादसे होते रहते हैं. कई बार रेलवे प्रशासन से ब्रिज निर्माण की मांग की गई, पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. घटना के बाद लोगों ने रेलवे ट्रैक जाम कर प्रदर्शन किया.
फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और हालात को सामान्य करने की कोशिश कर रहे हैं. यह हादसा एक बार फिर प्रशासन और परिवहन व्यवस्था की लापरवाही को उजागर करता है. सवाल यह है कि क्या अब जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी या फिर ऐसी घटनाएं यूं ही दोहराई जाती रहेंगी.

