
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र स्थित पंचवटी नगर में गुरुवार रात पुराने विवाद को लेकर दो बस्तियों के लोगों के बीच जमकर मारपीट हो गई. इस घटना में तीन से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है. घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 20 की संख्या में युवक हॉकी स्टिक और डंडों से लैस होकर अचानक इलाके में पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. इस दौरान उपद्रवियों ने कई दुकानों में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हमलावरों ने राशन दुकान, मेडिकल स्टोर, मोबाइल दुकान और सब्जी दुकानों को निशाना बनाया. दुकानों में तोड़फोड़ के साथ ही नकदी भी ले जाने का आरोप लगाया गया है. हमले के दौरान कुछ घरों पर भी पत्थरबाजी की गई, जिससे लोगों में दहशत फैल गई और कई परिवार अपने घरों में ही दुबक गए.
इलाके के लोगों के मुताबिक यह विवाद पुराना है और हमलावर बदला लेने की नीयत से आए थे. बताया जा रहा है कि एक दिन पहले भी इसी तरह का विवाद हुआ था, लेकिन पुलिस ने संबंधित लोगों को छोड़ दिया था, जिसके बाद तनाव बना हुआ था.
घटना की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया. इलाके में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए एहतियात के तौर पर क्यूआरटी टीम की तैनाती कर दी गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और उपद्रवियों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी में जुटी है.

