
उदित वाणी, जमशेदपुर : सुंदरनगर थाना क्षेत्र के तुरामडाह बस्ती में शुक्रवार की शाम एक दर्दनाक और रहस्यमयी घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। 14 वर्षीय साहिल नायक, जो एक इंग्लिश मीडियम स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र था, ने अपने ही घर के बाथरूम में साड़ी का फंदा बनाकर शावर पाइप से लटकते हुए आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान रूपलाल नायक के पुत्र के रूप में हुई है। वह घर का इकलौता चिराग था।
परिजनों ने जब काफी देर तक साहिल को नहीं देखा तो तलाश शुरू की। दरवाजा तोड़कर जब वे बाथरूम के अंदर पहुंचे, तो वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। साहिल का निर्जीव शरीर बाथरूम में शावर पाइप से लटका हुआ था। आनन-फानन में परिजन उसे लेकर खासमहल स्थित सदर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में साहिल की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। मां बेहोश होकर गिर पड़ी तो वहीं पिता और अन्य रिश्तेदारों ने अस्पताल परिसर में चीख-पुकार शुरू कर दी। कुछ देर में ही माहौल तनावपूर्ण हो गया और स्थिति को काबू में लाने के लिए सुंदरनगर थाना की पुलिस को बुलाना पड़ा।
सूचना पाकर सुंदरनगर थाना प्रभारी एवं सर्किल इंस्पेक्टर अस्पताल पहुंचे। पुलिस बल के साथ उन्होंने परिजनों को समझाया और स्थिति को सामान्य करने की कोशिश की। काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन शांत हुए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की अनुमति दी। शनिवार को साहिल के शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
इस दर्दनाक घटना ने न केवल साहिल के परिवार को बल्कि पूरे मोहल्ले को गहरे सदमे में डाल दिया है। मोहल्लेवासियों के अनुसार साहिल एक शांत, मृदुभाषी और पढ़ाई में होशियार लड़का था। वह घर में सबसे लाडला था और स्कूल में भी काफी सक्रिय रहता था। उसके द्वारा आत्महत्या जैसा बड़ा कदम उठाना किसी के भी गले नहीं उतर रहा है।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। न ही कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है और न ही घटना से पहले किसी झगड़े या मानसिक तनाव की बात सामने आई है। परिजनों का कहना है कि साहिल सामान्य व्यवहार कर रहा था और घटना से कुछ देर पहले तक वह घर में खेल भी रहा था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। स्कूल, दोस्तों और मोबाइल फोन के कॉल डिटेल्स खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि आखिर किस कारणवश साहिल ने इतना बड़ा कदम उठाया।
साहिल के पिता रूपलाल नायक मजदूरी करते हैं और बेहद साधारण परिवार से आते हैं। साहिल उनके तीन बच्चों में अकेला बेटा था और परिवार उसकी पढ़ाई को लेकर बहुत आशान्वित था। मां घरेलू महिला हैं और साहिल के प्रति बेहद स्नेही थीं। घटना के बाद से वह लगातार बेहोशी की हालत में हैं। परिवार के अनुसार साहिल ने कभी कोई ऐसी हरकत नहीं की थी जिससे लगे कि वह किसी तनाव से गुजर रहा है।

