
उदित वाणी, पोटका : हाता-टाटा मुख्यमार्ग पर गीतीलता के समीप सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिक अप वैन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान राजनगर थाना क्षेत्र के चाईगरा गांव निवासी के रूप में हुई है, जिसकी उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक अपनी मोटरसाइकिल से रोजाना की तरह टाटा ड्यूटी के लिए जा रहा था. इसी बीच, हाता से टाटा की ओर तेज गति से जा रही एक पिक अप वैन ने गीतीलता के पास उसे जोरदार ठोकर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पिक अप वैन को अपने कब्जे में ले लिया. सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
इस घटना से मृतक के परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

