
उदित वाणी, गिरिडीह : मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर गांव में सोमवार को हृदयविदारक घटना सामने आई. कर्ज के बोझ तले दबी 40 वर्षीय पुतुल देवी और उनकी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी स्नेहा कुमारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.
जानकारी के अनुसार, पुतुल देवी ने किसी महिला समूह से करीब पांच लाख रुपये का लोन लिया था, लेकिन परिवार को इसकी भनक तक नहीं थी. किस्तों को लेकर लगातार फोन आते रहने से वह मानसिक रूप से टूट चुकी थीं और अक्सर रोया करती थीं. परिजनों के पूछने पर भी उन्होंने परेशानी नहीं बताई.
सुबह देर तक घर का दरवाजा न खुलने पर शक हुआ. दरवाजा तोड़कर देखा तो मां-बेटी फंदे से लटकी मिलीं. ग्रामीणों ने उन्हें उतारा, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी.
सूचना पर सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव और मुफ्सिल थाना प्रभारी इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो पुलिस बल के साथ पहुंचे. एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में मातम पसर गया है और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है.

