
उदित वाणी, जमशेदपुर : कपाली क्षेत्र से एक दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. इस्लामनगर वार्ड संख्या 13 में शनिवार को दो दिन से लापता 14 वर्षीय छात्र मो शाबीर का शव बरामद हुआ. शव मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक बावनगोड़ा के कबीरिया स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ाई करता था और 25 दिसंबर से रहस्यमय तरीके से लापता था.
परिवार ने बच्चे की गुमशुदगी पर अगले दिन 26 दिसंबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. मृतक के पिता मो समीर का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया. उनका कहना है कि यदि पुलिस तत्परता से काम करती, तो शायद उनके बेटे की जान बच सकती थी. घर में मातम पसरा है, मां बार-बार बेटे का नाम पुकारते हुए बेहोश हो जा रही हैं, वहीं पिता रोते हुए न्याय की गुहार लगा रहे हैं.
पिता का कहना है, “हमारी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी. हम मेहनत कर अपने बच्चे को पढ़ा-लिखा रहे थे. उसके उज्ज्वल भविष्य का सपना देखा था, लेकिन इस घटना ने सब कुछ खत्म कर दिया.” उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है, ताकि दोषियों को कठोर सजा मिल सके.
इलाके में इस घटना को लेकर आक्रोश दिखाई दे रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की निष्क्रियता इस दुखद परिणाम की एक वजह हो सकती है. लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों को जवाबदेह ठहराने की मांग की है. घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा.

