
उदित वाणी, रांची: राजधानी रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र के कार्ट सराय रोड, अपर बाजार में मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया. यहां एक 15 वर्षीय छात्रा ने मामूली बात को लेकर अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. परिजनों द्वारा पुलिस में अस्वाभाविक मृत्यु (यूडी केस) की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.
मोबाइल देखने से रोका, फिर अचानक मौत का फैसला
मृत छात्रा के पिता के अनुसार, सोमवार को उनकी बेटी कंप्यूटर क्लास से दोपहर लगभग 1:30 बजे घर लौटी थी. घर पहुंचने के बाद वह मोबाइल पर कुछ देख रही थी. इसी बीच मां ने उसे मोबाइल देखने से मना किया. इससे नाराज होकर छात्रा ने गुस्से में मोबाइल फर्श पर पटक दिया और अपने कमरे में चली गई.
जब देर तक नहीं खुला दरवाज़ा…
छात्रा ने अंदर से कमरे का दरवाज़ा बंद कर लिया. काफी समय तक जब वह बाहर नहीं निकली, तो परिजनों को चिंता हुई. कई बार दरवाज़ा खटखटाने और आवाज़ देने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो अनहोनी की आशंका के चलते दरवाज़ा तोड़ा गया. कमरे में छात्रा को फंदे से लटका देख पूरा परिवार स्तब्ध रह गया. तत्काल सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी है.
किशोर मानसिक स्वास्थ्य पर फिर उठा सवाल
घटना ने एक बार फिर किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य, डिजिटल आदतों और पारिवारिक संवाद की गंभीरता को उजागर कर दिया है. क्या सिर्फ एक डांट आत्महत्या का कारण बन सकती है या इसके पीछे छुपा था कोई गहरा अवसाद? यह जांच का विषय है, साथ ही एक सामाजिक विमर्श का भी.

