
उदित वाणी, जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के बेलाजुड़ी काली मंदिर के पास हाल में हुई स्कूटी और नकद लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और लूटी गई स्कूटी भी बरामद कर ली गई है.
घटना 26 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे की है. मुसाबनी सुरदा निवासी अजीत जेना स्कूटी पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान जब वे बेलाजुड़ी काली मंदिर के पास पहुंचे, तभी दो बदमाशों ने उनकी स्कूटी रुकवा ली. अजीत के अनुसार, बदमाशों ने पहले उनसे झगड़ा किया और फिर मारपीट शुरू कर दी. मारपीट के दौरान उनके पास रखे 4500 रुपये नकद और स्कूटी लूटकर दोनों आरोपी फरार हो गए.
घटना के बाद अजीत जेना ने एमजीएम थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था. पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्य तथा गुप्त सूचना के आधार पर बेलाजुड़ी क्षेत्र से दो युवकों को हिरासत में लिया. पूछताछ में दोनों ने लूट की घटना में शामिल होने की बात कबूल की. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मेघनाथ सिंह (निवासी बेलाजुड़ी हीराचुन्नी) और जीतन सिंह (निवासी बेलाजुड़ी मायाघर) के रूप में हुई है.
पुलिस ने उनके निशानदेही पर लूटी गई स्कूटी को बरामद कर लिया है. फिलहाल दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस घटना में और कोई शामिल तो नहीं था.
एमजीएम थाना प्रभारी ने बताया कि इलाके में गश्ती बढ़ा दी गई है और देर रात चलने वाले मार्गों पर पुलिस की उपस्थिति सुनिश्चित की जा रही है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके.

