
उदित वाणी, जमशेदपुर : एमजीएम अस्पताल के रजिस्ट्रेशन काउंटर के पास भीड़ का फायदा उठाते हुए मंगलवार को एक चोर ने आदित्यपुर निवासी एक व्यक्ति के पॉकेट से पर्स निकाल लिया. इसका अहसास होने पर जब भुक्तभोगी ने शोर मचाया तो चोर भागने लगा. फिर बगल में मौजूद होमगार्ड के जवानों ने भागने के क्रम में दौड़ाते हुए पॉकेटमार को पर्स के साथ पकड़ लिया.
इसके बाद एमजीएम थाना प्रभारी को सूचित किए जाने पर कुछ ही देर में पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया एवं थाने ले जाकर हाजत में डाल दिया. फिलहाल पुलिस द्वारा आरोपी तौसीफ अली से पूछताछ की जा रही है और भुक्तभोगी शैलेन्द्र गोप की लिखित शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई हो रही है. पर्स में 5 हजार रुपए नकद राशि, आधार कार्ड, पेन कार्ड, लाइसेंस , गाड़ी का आरसी बुक एवं अन्य जरूरी दस्तावेज थे.
सूत्रों के अनुसार आरोपी ने खुद मरीज बनकर तौसीफ अली के नाम से टोकन भी कटवाया था और पता आजाद नगर लिखवाया था जो जांच के क्रम में फर्जी निकला. इस संबंध में शैलेंद्र गोप ने बताया कि रजिस्ट्रेशन काउंटर में टोकन बनाने के क्रम में उसके यह घटना हुई. सूत्रों के अनुसार यहां अक्सर भीड़ के दौरान मरीज या उनके परिजनों से पॉकेटमारी की घटना होती रहती है और काफी दिनों के बाद आज एक चोर को पकड़ने में सफल रहे यहां सुरक्षा में तैनात रहने वाले जवान.

