
उदित वाणी, जमशेदपुर : डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में इन दिनों स्वच्छता, सुंदरता और अस्पताल की संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर निगरानी काफी सख्त कर दी गई है. लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सुरक्षाकर्मियों द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को एक युवक को अस्पताल का सरकारी कंबल ले जाते हुए पकड़ा गया.
तलाशी के दौरान पकड़े गए युवक के पास से अस्पताल का कंबल बरामद किया गया. युवक आदित्यपुर का रहने वाला बताया गया है और वह एक मरीज का अटेंडर था. सुरक्षाकर्मी प्रभारी योगेंद्र शर्मा और जवान संतोष शर्मा उसे अस्पताल प्रबंधन के समक्ष ले गए. मामले की जानकारी मिलने पर अस्पताल प्रबंधक डॉ. बलराम झा और उपाधीक्षक डॉ. जुझार माझी ने कड़ी नाराजगी जताई.
उपाधीक्षक ने युवक को सख्त फटकार लगाते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में दोबारा ऐसी हरकत करने पर सीधे एफआईआर दर्ज कर जेल भेजा जाएगा. साथ ही सुरक्षाकर्मियों को उसका फोटो और आधार कार्ड की प्रति सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए. युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और दोबारा ऐसी गलती नहीं करने का आश्वासन दिया. इस पर उसे अंतिम चेतावनी देकर छोड़ दिया गया.
डॉ. माझी ने कर्मचारियों को निर्देश दिया कि मरीजों को डिस्चार्ज पेपर तभी सौंपे जाएं, जब उनके द्वारा लिए गए अस्पताल के सभी सामान वापस कर दिए जाएं. बताया जाता है कि अब तक विभिन्न अटेंडरों से कुल 15 कंबल जब्त किए जा चुके हैं. अस्पताल प्रशासन का कहना है कि यह अस्पताल आम जनता की सुविधा के लिए है, ऐसे में चोरी जैसी घटनाएं बेहद निंदनीय हैं और आगे ऐसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

