
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो के उलीडीह और हयातनगर क्षेत्र में एक बार फिर अपराधियों का सिर उठने लगा है. जानकारी के अनुसार, जमानत पर रिहा महबूब, नेयाज, रेयाज समेत दो–तीन अन्य युवकों ने मिलकर ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ नाम से नया गिरोह बना लिया है. बताया जा रहा है कि इस गिरोह का धनबाद के कुख्यात अपराधी फहीम खान से भी संपर्क है. सोशल मीडिया पर पेज बनाकर इस गिरोह ने बड़ी वारदात की धमकी तक दे डाली है.
गिरोह का विवाद जवाहरनगर रोड नंबर–13 स्थित तैयबा मस्जिद के पास रहने वाले एक युवक से चल रहा है. इसी बहाने गिरोह के सदस्य खुलेआम डराने–धमकाने की गतिविधियां कर रहे हैं. सूचना मिलने पर पुलिस हरकत में आई है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.
स्थानीय लोगों में भय का माहौल है. बताया जा रहा है कि महबूब और नेयाज अपने साथियों के साथ हथियार के बल पर दुकानदारों से रंगदारी वसूल रहे हैं. चार दिन पूर्व गिरोह के सदस्यों ने हयातनगर स्थित औराम बच्चा नामक व्यक्ति के घर पर धावा बोलकर पिस्टल की नोक पर मारपीट और लूटपाट की थी. पीड़ित परिवार ने उलीडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कार्रवाई न होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है.
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2019 में डिमना बस्ती और हयातनगर क्षेत्र में राज मिस्त्री जुल्फेकार की रंगदारी न देने पर हत्या कर दी गई थी. उस मामले में महबूब, नेयाज और दो अन्य आरोपी जेल भेजे गए थे. जेल में ही इनका संपर्क फहीम खान से हुआ. एक साल पहले ज़मानत पर रिहा होने के बाद आरोपियों ने फिर से गिरोह को सक्रिय कर लिया और अब क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है.

