
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के दाईगुडू कावेरी रोड स्थित करमू चौक पर बुधवार देर रात सिगरेट पीने को लेकर हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में तब्दील हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चौक के पास खड़े कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते उग्र हो गई. बात इतनी बढ़ गई कि कुछ युवक हाथों में चापड़ लेकर मौके पर पहुंच गए और मारपीट शुरू कर दी.
अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सड़क पर मौजूद लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे, वहीं आसपास की दुकानों में भी सन्नाटा छा गया. बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के युवक आपस में परिचित थे और पहले भी एक-दूसरे से मिलते-जुलते रहे हैं, लेकिन उस रात छोटी सी बात ने बड़ा रूप ले लिया. हथियार लहराए जाने से माहौल तनावपूर्ण हो गया और कुछ देर के लिए पूरा चौक दहशत में डूब गया.
स्थानीय युवकों ने साहस दिखाते हुए बीच-बचाव किया और हालात को संभालने का प्रयास किया. इसी दौरान सूचना मिलने पर मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस को देखकर हमलावर युवक वहां से फरार हो गए. पुलिस ने भीड़ को हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया. घटना के बाद कुछ समय तक क्षेत्र में तनाव बना रहा, हालांकि देर रात तक हालात सामान्य हो गए.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. इसके बावजूद पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि शामिल युवकों की पहचान की जा सके. क्षेत्र में अतिरिक्त गश्त बढ़ा दी गई है और पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने तथा किसी भी अफवाह से दूर रहने की अपील की है.

