
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत जवाहर नगर रोड नंबर 9 स्थित लतीफ बाबा फ्लैट के सामने मंगलवार देर रात अज्ञात युवक द्वारा की गई हवाई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. स्थानीय लोगों ने जैसे ही गोलियों की आवाज सुनी, वे दहशत में अपने-अपने घरों में दुबक गए.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 10 बजे के आसपास एक अज्ञात युवक ने लतीफ बाबा फ्लैट के सामने अचानक से एक फायर किया और मौके से फरार हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने चेहरा कपड़े से ढंक रखा था और मोटरसाइकिल पर सवार होकर आया था. गोली चलाने के बाद वह तेज रफ्तार में वहां से निकल गया.
घटना की जानकारी मिलते ही मानगो थाना प्रभारी विनय कुमार अपने दल-बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे इलाके को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी.
स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके. पुलिस इस मामले को आपसी रंजिश या दहशत फैलाने की कोशिश के रूप में भी देख रही है.
मानगो थाना प्रभारी ने बताया कि “घटना गंभीर है. हम हर एंगल से जांच कर रहे हैं. जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है.”
फिलहाल इस घटना से इलाके के लोग भयभीत हैं और उन्होंने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है. घटना को लेकर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है.

