
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत कुमरूम बस्ती में सोमवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 45 वर्षीय चालक सुमन कुमार सिंह ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक सुमन छह बच्चों का पिता था और अपने परिवार के साथ कुमरूम बस्ती में किराये के मकान में रहता था.
घटना के समय उसकी पत्नी और बच्चे काम पर गए हुए थे. जब पत्नी देर शाम घर लौटी तो उसने सुमन को फंदे से लटका देखा. इस पर उसने शोर मचाया, जिसके बाद पड़ोसी इकट्ठा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारा और एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुमन कुमार सिंह नशे का आदी था और पारिवारिक स्थिति भी ठीक नहीं थी. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. आत्महत्या के पीछे के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पारिवारिक पूछताछ के बाद ही हो सकेगी. घटना के बाद से इलाके में मातम पसरा हुआ है और परिजन गहरे सदमे में हैं.

