
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर सीएच एरिया निवासी और शहर के जाने-माने उद्यमी देवांग गांधी के 24 वर्षीय पुत्र कनिष्क गांधी के रहस्यमयी ढंग से लापता होने से पूरे शहर में सनसनी फैल गई है. मंगलवार दोपहर करीब दो बजे के बाद से कैरव का कोई सुराग नहीं मिल पाया है. घटना को 24 घंटे से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक न तो पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है और न ही परिवार के सदस्य कुछ भी कहने को तैयार हैं. धीरे-धीरे यह मामला एक गहरे रहस्य का रूप लेता जा रहा है.
कनिष्क गांधी के घर पर परिजनों और करीबी रिश्तेदारों का आना-जाना लगातार जारी है, लेकिन माहौल पूरी तरह शांत, गंभीर और चिंताजनक बना हुआ है. परिवार की खामोशी कई सवाल खड़े कर रही है. कोई भी सदस्य मीडिया या बाहरी लोगों से बात करने से बच रहा है. मोहल्ले में भी चर्चा का माहौल है और लोग इस अप्रत्याशित घटना से हैरान हैं.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कनिष्क गांधी का अंतिम मोबाइल लोकेशन सोनारी थाना क्षेत्र के आदर्श नगर इलाके में ट्रेस किया गया था. इसके बाद उनकी क्रेटा कार पड़ोसी जिला सरायकेला-खरसावां के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कांदरबेड़ा के पास झाड़ियों से बरामद की गई. कार की बरामदगी के बाद मामला और भी गंभीर हो गया है. वाहन के आसपास किसी तरह के संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिलने की बात कही जा रही है, लेकिन कार का इस तरह सुनसान जगह पर मिलना कई आशंकाओं को जन्म दे रहा है.
बताया जाता है कि कैरव गांधी के पिता देवांग गांधी आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के उपाध्यक्ष हैं. उनका आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में इंपीरियल ऑटो प्राइवेट लिमिटेड समेत कई औद्योगिक प्रतिष्ठान हैं. गांधी परिवार जमशेदपुर का एक प्रतिष्ठित और रसूखदार परिवार माना जाता है, जिससे यह मामला और भी संवेदनशील बन गया है.
फिलहाल जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां, दोनों जिलों की पुलिस संयुक्त रूप से कैरव गांधी की तलाश में जुटी हुई है. तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ हर संभावित पहलू पर जांच की जा रही है. पुलिस किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही है. पूरे शहर की नजरें अब पुलिस की कार्रवाई और इस रहस्य से पर्दा उठने पर टिकी हुई हैं.

