
उदित वाणी, जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के चंडिल अनुमंडल अंतर्गत कपाली ओपी क्षेत्र में हुई चोरी की एक सनसनीखेज घटना का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है. यह चोरी गौसनगर फुटबॉल मैदान के समीप रहने वाली सन्नु बेगम के घर में हुई थी. मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि इस वारदात की साजिश खुद पीड़िता के बेटे ने रची थी.
मिली जानकारी के अनुसार, बीते दिनों सन्नु बेगम अपने पूरे परिवार के साथ बंगाल के कांटा डीह स्थित चांद सह बाबा के उर्स मुबारक में शामिल होने के लिए घर में ताला बंद कर गई थीं. परिवार की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर आरोपियों ने घर का ताला तोड़ा और नकदी समेत कीमती सामानों की चोरी कर ली. उर्स से लौटने पर घर की हालत देख परिवार के होश उड़ गए. इसके बाद पीड़िता ने कपाली ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई.
शिकायत मिलते ही कपाली ओपी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की. तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूचना तंत्र और घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों के विश्लेषण के आधार पर पुलिस धीरे-धीरे आरोपियों तक पहुंची. जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि चोरी की योजना सन्नु बेगम के बेटे राज शेख उर्फ चोट्टा ने ही बनाई थी.
पुलिस ने इस मामले में जाशीर अंसारी उर्फ जाशीर बच्चा, निवासी ताजनगर रोड नंबर, को कमलपुर थाना क्षेत्र के कटिंग इलाके से एक बस में सवार अवस्था में गिरफ्तार किया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने राज शेख के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था. आरोपी के अनुसार, घटना के बाद उसे नशा कराया गया और काले रंग की मोटरसाइकिल से बंगाल में चल रहे उर्स में ले जाया गया.
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से 2500 रुपये नकद बरामद किए हैं. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इस पूरी कार्रवाई में सब इंस्पेक्टर हीरालाल मुंडू के नेतृत्व में टाइगर मोबाइल के जवान दस्तगीर आलम, सुनील हापद गड़हा सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है.

