
उदित वाणी, जमशेदपुर : कपाली ओपी पुलिस ने चाकू की नोक पर घर में घुसकर जेवरात और नकदी की चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. गिरफ्तार युवक की पहचान फैयाज तबरेज (उम्र लगभग 19 वर्ष), पिता परवेज आलम, निवासी बंधुगोड़ा के रूप में हुई है.
मामला बीते दिनों का है, जब सरफुद्दीन मस्जिद के समीप रहने वाले मकसूद आलम के घर में उस समय हड़कंप मच गया, जब दो युवक चाकू दिखाकर घर की महिलाओं को धमकाने लगे. आरोपियों ने अलमारी तोड़कर सोने की कान की बाली, चांदी की पायल और करीब पांच हजार रुपये नकद लूट लिए. वारदात के बाद दोनों आरोपी छत के रास्ते भागने की कोशिश कर रहे थे कि तभी महिलाओं ने शोर मचा दिया.
“चोर-चोर” की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और एक आरोपी को पकड़ लिया. स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए युवक को चाकू समेत दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी. बाद में उसे कपाली पुलिस के हवाले कर दिया गया.
पुलिस पूछताछ में आरोपी फैयाज तबरेज ने स्वीकार किया कि इस वारदात में उसका साथी पिंटा भी शामिल था. चोरी किए गए बाकी जेवरात और नकदी उसी के पास हैं. पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है.
कपाली ओपी प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल से बरामद चाकू और अन्य साक्ष्यों को जब्त कर लिया गया है. स्थानीय लोगों की तत्परता से एक बड़ा अपराध होने से टल गया. गिरफ्तार युवक को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

