
उदित वाणी, जमशेदपुर : कपाली ओपी स्थित गैस गोदाम के पास स्थित एक किराए के मकान में 28 वर्षीय शाहिद अंसारी उर्फ पिंटा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया. शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि युवक ने घर में लगे पाइप से चादर के सहारे फांसी लगाई. हालांकि, मृतक के परिजनों ने इस दावे पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है.
मृतक के चचेरे भाई महफूज अंसारी ने आरोप लगाया कि शाहिद की पत्नी और उसके मायके पक्ष के लोगों की भूमिका संदिग्ध है. उनका कहना है कि सूचना मिलने पर जब वे मकान पहुंचे तो शव चौकी पर रखा था और कंबल से ढंका हुआ था. उन्होंने पूछा कि शव को फंदे से किसने और किन परिस्थितियों में उतारा.
उधर, पत्नी द्राक्षा बानो ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि सुबह नींद खुलने पर उन्होंने पति को फंदे से लटका देखा. उनके अनुसार वह घर में अकेली थीं और किसी तरह नीचे उतारकर चौकी पर लिटाया, फिर पड़ोसियों व परिजनों को सूचना दी. द्राक्षा ने बताया कि एक दिन पहले तीन हजार रुपये को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारण स्पष्ट होंगे. जांच जारी है.

